पटना , सितंबर 01 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को कहा कि बिहार सरकार स्कूली शिक्षा से उच्च शिक्षा तक एआई आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है।

शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने इसे मूर्त रूप देने के लिये गूगल फॉर एजुकेशन के इंडिया हेड संजय जैन एवं सुश्री नीति वर्मा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में बिहार की शिक्षा व्यवस्था को एआई, डिजिटल तकनीक और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल पर चर्चा हुई।

श्री तिवारी ने कहा कि इस बैठक में बिहार में गूगल एआई एजुकेटर ट्रेनिंग सीरीज को स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा तक विस्तारित करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी। इसके माध्यम से शिक्षकों को एआई और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के प्रभावी शैक्षणिक उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गूगल की ओर से बिहार शिक्षा विभाग को निःशुल्क टीचर कैपेसिटी बिल्डिंग एवं ट्रेनिंग उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा। साथ ही चयनित विद्यालयों में एआई लैब्स की स्थापना तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए जेमिनी, नोटबुक एलएम सहित गूगल के विभिन्न एआई एवं डिजिटल टूल्स का निःशुल्क उपयोग उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बैठक में विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित, उम्र के अनुरूप और उन्नत डिजिटल लर्निंग इकोसिस्टम विकसित करने के उद्देश्य से क्रोमबुक्स की तैनाती पर भी विचार-विमर्श किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित