पटना, अक्टूबर 10 -- राज्यसभा सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के बाद उनकी पार्टी अपने गठबंधन के सहयोगियों की मदद से बिहार में सरकार के संरक्षण से स्थापित माफियाराज को खत्म करने का प्रयास करेगी।
श्री सिंह ने आज यहां बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे बिहार में माफियाओं का कब्जा है और मिलावटखोरी अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) राज में समूचा बिहार 20 वर्षों से माफ़ियाओं की गिरफ़्त में है और चारो तरफ से बिहार को लूटा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 12 मफ़िया चिन्हित किए है, जिनके उन्मूलन के बाद बिहार मफ़िया मुक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव शुद्ध के लिए युद्ध है और उनकी सरकार के आते ही चप्पे-चप्पे से ढूंढ कर माफ़िया खत्म किये जाएंगे।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मफ़िया के लिए महागठबंधन की सरकार में बस दो ही स्थान रहेंगे, जहन्नुम या जेल तथा उनके दो उपाय होंगे,पीठ पे गोली या पेट पे लात।
उन्होंने कहा कि बिहार की गरीब महिलाएं माइक्रोफाइनेंस माफिया के चंगुल में फंस गयी हैं, जिनसे निजात दिलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लगभग एक करोड़ नौ लाख महिलाओं पर औसतन 30 हजार रूपया का बकाया है, जिसके कारण वसूली के नाम पर उन्हें धमकी, अपमान और हिंसा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद फौरन ऐसे ऋण-वसूली के अवैध तरीकों के खिलाफ कड़ी पुलिस और न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित