पटना , जुलाई 24 -- बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आज सदन की ओर से प्रदेश में सम्राट चौधरी सरकार के 100 दिल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, मंत्रिपरिषद तथा बिहार की जनता को बधाई दी।
इससे पहले विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के नेताओं ने भी सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे होने पर अपनी बधाई और शुभकामनायें प्रेषित की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संजीव चौरसिया ने सदन में कहा कि सम्राट सरकार के 100 दिन सेवा सुशासन और संकल्प के रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान 551 सरस्वती शिक्षा निकेतन कि स्थापना कर सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि 211 नए डिग्री कॉलेजों का उदघटन और वहां ऑनलाइन शिक्षा की शुरुआत एक नए दौर की कहानी लिख रहा है।
श्री चौरसिया ने कहा कि पुलिस दीदी सम्राट सरकार की एक अनूठी पहल है। 1500 स्कूटी पर सवार ये दीदियां महिला कॉलेजो और स्कूलों के गेट के आसपास बच्चियो की सुरक्षा का ध्यान रख रही हैं। उन्होंने कहा कि 100 फास्ट कोर्ट त्वरित न्याय देने का काम कर रहे हैं और नए सेटेलाइट शहरों के आने के बाद प्रदेश की सूरत बदलने वाली है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी आधारित हेलीकॉप्टर पर्यटन भी एक अनूठी पेशकश है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा(रालोमो) की विधायक स्नेहलता कुशवाहा ने सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यह नया बिहार है, अब रुकेगा नही आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने ग्रामीण विकास और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में सरकार के कार्यों की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित