पटना , नवंबर 17 -- बिहार में अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने वाला है।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राज्य में फिलहाल आसमान साफ़ रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में धीरे- धीरे गिरावट जारी है, जिससे सर्दी का असर महसूस होने लगा है।
रविवार की रात प्रदेश का सबसे कम तापमान औरंगाबाद में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10.2 से 17.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट का क्रम जारी रह सकता है, लेकिन फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है।
इसके विपरीत, दिन के तापमान में स्थिरता बनी हुई है। रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान किशनगंज में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय कोहरा बढ़ने की स्थिति बनने लगी है। आईएमडी ने पूर्वानुमान जारी करते हुये कहा है कि अगले एक- दो दिनों में कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। रविवार को पूर्णिया में दृश्यता प्रदेश में सबसे कम 800 मीटर रिकॉर्ड की गई।
कुल मिलाकर, बिहार में मौसम फिलहाल शुष्क और साफ़ रहने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट के साथ ठंड का एहसास धीरे- धीरे बढ़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित