पटना , सितंबर 08 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार के अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा तथा स्कूलों से संबंधित विकास कार्यों में तेजी लायी जाएगी।
श्री तिवारी ने मंगलवार को विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को इससे सम्बंधित निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों की सुरक्षा, आधारभूत संरचना, बच्चों के आधार कार्ड, मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के प्रशिक्षण शिविर तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त स्कूलों से संबंधित आवेदनों को जिला शिक्षा पदाधिकारी तत्काल शिक्षा विभाग को भेजें, जिससे उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित