पटना , अक्टूबर 19 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने पूर्वी चंपारण में मेला देखने गये एक दंपति के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए आरोप लगाया कि बिहार में सरकार और शासन का भय समाप्त हो गया है, जिससे अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।श्री अहमद ने कहा कि पूर्वी चंपारण में मेला देखने गये दंपति के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति को बांधकर उसके सामने ही पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस तरह की घटनाएं राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय मामले को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग मौजूदा घटनाओं पर जवाबदेही तय करने के बजाय पूर्ववर्ती सरकार और उसके कार्यकाल की चर्चा कर मामले से ध्यान भटकाते हैं। इस तरह की राजनीति से अपराधियों को बचाने का रास्ता मिलता है।

श्री अहमद ने मुख्यमंत्री के उस कथित वादे का उल्लेख किया, जिसमें महिलाओं और बच्चियों के साथ ऐसी घटनाएं होने पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की बात कही गयी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया था, तो फिर ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कदम क्यों नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में कमी के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और इस तरह की जघन्य घटनाएं सामने आ रही हैं।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित