पटना , सितंबर 22 -- बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने आज इन आठ सीटों के द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार छह अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।
आयोग के अनुसार मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को करायी जाएगी और निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक सम्पन्न कर ली जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित