पटना , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार में विपक्षी दलों पर हमला करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रदेश की जनता 'जंगलराज' की वापसी नहीं, बल्कि सुशासन और विकास चाहती है।
श्री मौर्य ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सह-प्रभारी नियुक्त होने के बाद पटना के अपने पहले दौरे पर 'यूनीवार्ता' से बाचचीत में कहा कि वंशवाद की राजनीति का समय समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कुशासन के खतरों को जानती है और भविष्य में प्रदेश की प्रगति, महिला सशक्तिकरण, गरीबों का कल्याण और युवाओं का उज्ज्वल भविष्य चाहती है।
भाजपा नेता श्री मौर्य ने दावा किया कि आगामी बिहार चुनाव राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है और इस पर पूरे देश की नजर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 2024 के लोकसभा चुनावों में बिहार में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। उसके बाद हरियाणा में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने के साथ महाराष्ट्र में भी वापसी की। उन्होंने कहा कि राजग को 26 साल बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत मिली है और अब बिहार में जिस तरह का माहौल दिख रहा है, राजग गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर जीत की ओर अग्रसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित