पटना , अक्टूबर 01 -- बिहार में गंडक नदी का उफान तटबंधों के लिए गंभीर चुनौती बन गया है और सारण के रेवाघाट और वैशाली के लालगंज के समीप नदी का जलस्तर लगभग 24 घंटे से ऐतिहासिक उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) से ऊपर बना हुआ है।

दोनों तटबंधों पर अत्यधिक दबाव के बीच सारण तटबंध के तीन स्थानों पर गंभीर रिसाव और पाइपिंग की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जलसंसाधन विभाग की ओर से इन संवेदनशील स्थलों को सुरक्षित करने के लिए युद्धस्तर पर बाढ़ संघर्षात्मक (फ्लड फाइटिंग) कार्य कराया जा रहा है। विभाग के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

जलसंसाधन विभाग की ओर से गुरुवार को दोपहर दो बजे जारी जलस्तर प्रतिवेदन के अनुसार, गोपालगंज के डुमरियाघाट में गंडक नदी का जलस्तर 64.07 मीटर दर्ज किया गया, जो 62.22 मीटर के खतरे के निशान से 1.85 मीटर ऊपर है। हालांकि, यहां नदी का जलस्तर घटने की प्रवृत्ति में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित