पटना , मई 26 -- रेगाल रिसोर्सेज लिमिटेड ने मंगलवार को बिहार के किशनगंज स्थित अपने मक्का प्रसंस्करण संयंत्र में 389 करोड़ के अतिरिक्त निवेश के साथ गुणात्मक विस्तार की घोषणा की है, जिससे प्रदेश के मक्का किसानों को विपणन में लाभ मिलने की संभावना है।

कंपनी के चेयरमैन तथा प्रबंध निदेशक अनिल किशोर पुरिया ने कहा कि इस विस्तार के साथ रेगाल रिसोर्सेज लिमिटेड ने किशनगंज, बिहार स्थित अपने एकीकृत मक्का प्रसंस्करण परिसर में मक्का क्रशिंग क्षमता को 825 टन प्रतिदिन (टीपीडी) से बढ़ाकर 1,650 टीपीडी कर दिया है। साथ ही, कंपनी ने प्रतिदिन 180 मीट्रिक टन उत्पादन क्षमता वाली नई लिक्विड ग्लूकोज (एल जी) निर्माण इकाई तथा प्रतिदिन 50 मीट्रिक टन क्षमता वाली नई माल्टोडेक्सट्रिन पाउडर (एमपीडी) निर्माण इकाई भी शुरू की है। उन्होंने कहा कि लिक्विड ग्लूकोज का उपयोग मिठाइयों, कन्फेक्शनरी, बिस्कुट, आइसक्रीम, जैम, जेली, पेस्ट्री, पेय पदार्थों और अन्य खाद्य एवं औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक रूप से किया जाता है।

श्री पुरिया ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य उत्पादन क्षमता बढ़ाना, सप्लाई चेन दक्षता में सुधार करना तथा खाद्य एवं पेय पदार्थ, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल्स, हेल्थकेयर, पशु पोषण और औद्योगिक अनुप्रयोगों जैसे क्षेत्रों में बढ़ती मांग को पूरा करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित