पटना , मार्च 15 -- बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और रविवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी महागठबंधन के नेताओं ने अपनी रणनीति अंतिम रूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण बैठकें की हैं ।
आज शाम को प्रस्तावित राजग विधायकों की बैठक से पहले गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय झा के आवास पर बैठक की। आज की बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए अंतिम रणनीति तय किए जाने की संभावना है। यह तय किया जायेगा कि कौन से विधायक किस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे।
इससे पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा ने कल मुलाकात कर चुनाव के बारे में विस्तार से चर्चा की थी।
श्री झा ने बैठक के बाद दावा किया कि राजग सभी पांचों सीटें जीतेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के कुछ विधायक भी राजग उम्मीदवारों का समर्थन कर सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश इकाई कोर कमेटी की बैठक पटना स्थित पार्टी कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा और विजय शर्मा की मौजूदगी में हुई।
बैठक के बाद बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बैठक का उद्देश्य नव निर्वाचित विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी और प्रशिक्षण देना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित