पटना , अप्रैल 12 -- बिहार में राजनीतिक सरगर्मियों के बीच सभी को 14 अप्रैल की प्रस्तावित मंत्रिमंडल की बैठक का इंतजार है, जहाँ से सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, राज्य सचिवालय में होने वाली इस बैठक में नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू की गई प्रमुख योजनाओं की समीक्षा के साथ उनके इस्तीफे से जुड़ा प्रस्ताव भी आ सकता है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस बैठक के बाद इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जायेगा ।

बिहार की राजनीति पिछले 48 घंटों से तमाम अटकलों और मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित कई नामों के साथ ऊपर नीचे करवट ले रही है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। पिछले दो दिनों में उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दो बार मुलाकात हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित