किशनगंज , अक्टूबर 19 -- जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने सोमवार को कहा कि बिहार विधान परिषद चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जीत के लिए संघर्ष कर रहा है और उसकी हालत ठीक नही है।श्री किशोर ने कहा कि राजग नेताओं की ओर से सभी सीटों पर जीत के दावे के बावजूद चुनाव में उनकी हालत ठीक नही है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के हटने के बाद राजग की राजनीतिक जमीन खिसकी है और इस चुनाव से यह प्रमाणित हो जाएगा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए चुनाव जीतना संभव नही है।

जनसुराज के नेता ने आज किशनगंज में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद के दौरान कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता के हाथों में होती है और यह ताकत किसी एक चुनाव से बनती या बिगड़ती नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में अगले चार वर्षों तक राजग की सरकार रहेगी और तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता बने रहेंगे, लेकिन यदि लोगों ने विधानपरिषद चुनाव में सही तरीके से मतदान किया और भाजपा को हराने के लिए जन सुराज का साथ दिया, तो मौजूदा व्यवस्था पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इससे जनता को एक नया विकल्प मिलेगा और नेताओं के मन में भी डर पैदा होगा।

श्री किशोर ने कहा कि अब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भाजपा अलग-अलग हैं और उनमें तालमेल की कमी है, जिसका असर आगामी चुनाव में दिखेगा।

जनसुराज के नेता ने कहा कि बिहार की राजनीति में जनता के पास अपनी ताकत का इस्तेमाल करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता भाजपा को हराने के लिए जन सुराज का समर्थन करते हैं, तो इससे वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर दबाव बनेगा और नेताओं को जनता के प्रति अधिक जवाबदेह होना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित