पटना , अगस्त 01 -- िहार में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में जल्द ही एक अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिलेगा। पथ निर्माण विभाग इस दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। विभाग की ओर से 18 हजार 289 करोड़ रुपये से भी ज्याता की लागत से राज्य के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, एलिवेटेड रोड का निर्माण और गंगा-गंडक जैसी प्रमुख नदियों पर महासेतु निर्माण का कार्य द्रुत गति से किया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुल 11 परियोजनाओं के माध्यम से कराए जा रहे 547 किमी. लंबे विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद न सिर्फ जिलों के बीच की दूरी घटेगी बल्कि राज्य में व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी एक नई दिशा मिलेगी।
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि राज्य में 18 हजार 289 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत 11 प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इनमें प्रमुख एनएच-119 डी (आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे) है, जो राज्य का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे बनने जा रहा है। इसे चार मुख्य पैकेजों में बांटकर तैयार किया जा रहा है, जिसमें पैकेज-1 के तहत 1,157.50 करोड़ रुपये की लागत से 55 किमी. लंबा आमस- शिवरामपुर, पैकेज-2 के तहत 54.30 किमी. लंबा 1,207.00 करोड़ रुपये की लागत से शिवरामपुर से रामनगर, पैकेज-3 के तहत 47 किमी. लंबा 1969.3 करोड़ रुपये की लागत से कल्याणपुर से बलभद्रपुर और पैकेज-4 के तहत 42.21 किमी. लंबा 1687.81 करोड़ की लागत से बलभद्रपुर-बेला नवादा रोड का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित