बेतिया, अगस्त 20 -- प्रदेश महिला जदयू की अध्यक्ष सह विधान पार्षद शिवरानी देवी ने गुरुवार को कहा कि बिहार में महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही है।

श्रीमती शिवरानी आज पश्चिमी चम्पारण के बेतिया में आयोजित महिला जदयू के जिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई। इस दौरान महिला सशक्तीकरण, संगठन की मजबूती तथा महिलाओं के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं पर चर्चा की गयी।

प्रदेश महिला जदयू अध्यक्ष ने सम्मेलन में कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण देने से लेकर जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तक कई योजनाएं संचालित की गयी हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के प्रयास से बिहार की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ समाज और राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

श्रीमती शिवरानी ने महिला जदयू की कार्यकर्ताओं से सरकार की महिला हितैषी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत महिला संगठन के माध्यम से सरकार की योजनाओं और नीतियों को आम महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

इस अवसर पर महिला जदयू की नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधान पार्षद बनने पर शिवरानी देवी का सम्मान किया। उन्हें बुके और अंगवस्त्र भेंट कर बधाई दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित