पटना , अगस्त 02 -- बिहार की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए तीन अगस्त को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी।राजधानी पटना स्थित ए.एन. कॉलेज में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार मतगणना केंद्र पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, बिहार पुलिस तथा दंडाधिकारी तैनात रहेंगे । मतगणना स्थल के भीतर केवल अधिकृत अधिकारियों, मतगणना कर्मियों,मीडिया कर्मियों प्रत्याशियों, तथा उनके अधिकृत मतगणना अभिकर्ताओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अभ्यर्थी तथा उनके प्रतिनिधियों का प्रवेश ए एन कालेज के गेट नम्बर 1से होगा,जबकि मतगणना कर्मी एवं मीडिया के प्रतिनिधि गेट नंबर 2 से प्रवेश करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति क़े लिए अलग अलग पास निर्गत किया गया है और एक पास सिर्फ एक व्यक्ति के लिए मान्य होगा। इस दौरान मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल या किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु लेकर प्रवेश पर रोक रहेगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुन्दन कुमार ने ए. एन. कालेज के परीक्षा भवन में हुए संयुक्त ब्रीफिंग में मतगणना से जुड़े सभी पदाधिकारियों को समय पर पहुँचने एवं भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप अपने ड्यूटी का निर्वहन करने का निर्देश दिए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी दंडाधिकारीयों एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रवेश पास एवं सघन सुरक्षा जाँच करके ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिए जाने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुगम यातायात के लिए जो रूट प्लान तैयार किया गया है।
मतगणना केंद्र और उसके आसपास पूरे परिसर की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है तथा स्ट्रांग रूम को कड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया है। मतगणना शुरू होने से पहले प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। प्रत्येक राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद उसके परिणाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान के बाद सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और मतदाताओं की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। उपचुनाव में इस्तेमाल हुए ईवीएम राजधानी स्थित ए.एन. कॉलेज के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई हैं, जिसकी सुरक्षा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कड़ी निगरानी में की जा रही है। इस सीट पर हुए चुनाव में 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता समेत कुल 25 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतगणना में होगा। जन सुराज के लिए भी यह चुनाव राजनीतिक ताकत की अहम परीक्षा माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण बांकीपुर सीट रिक्त हुई थी, जिसके चलते यह उपचुनाव कराया गया। मतगणना तीन अगस्त को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया चार अगस्त को पूरी हो जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम न केवल राजधानी पटना की राजनीति, बल्कि बिहार की आगामी राजनीतिक दिशा के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत देने वाला साबित हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित