पटना , फरवरी 16 -- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने सोमवार को बताया कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई)ने बिहार में एक अत्याधुनिक एथलेटिक्स अकादमी स्थापित करने के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है।
श्री शंकरण ने कहा कि पोर्टब्लेयर में आयोजित (एएफआई)) की एग्जीक्यूटिव कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में बिहार में खेल के विकास के लिए महत्त्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिसमे एथलेटिक्स सुविधाओं के विकास और प्रतिभा संवर्धन शामिल है। उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
प्राधिकरण के महानिदेशक ने कहा कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया शीघ्र ही एथलेटिक्स अकादमी से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को भेजेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के उभरते धावकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।
श्री शंकरण ने कहा कि राज्य में एथलेटिक्स प्रतिभाओं की पहचान को व्यवस्थित और वैज्ञानिक आधार देने के उद्देश्य से फेडरेशन ने एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जिसकी अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज करेंगी। यह समिति बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पास उपलब्ध खिलाड़ियों के डेटा का विश्लेषण कर संभावनाशील प्रतिभाओं का चयन करेगी।उन्होंने कहा कि बैठक में प्रशिक्षण के स्तर को सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप 'स्टेट स्पेसिफिक कोच डेवलपमेंट प्रोग्राम' संचालित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्थानीय प्रशिक्षकों की क्षमता में वृद्धि होगी और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की तरफ से चिन्हित और चयनित क्षेत्रों में अपने विशेषज्ञों की टीम भेजकर जमीनी स्तर पर प्रतिभा पहचान अभियान चलाने पर सहमति जताई है। यह पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित