पटना , मई 15 -- बिहार सरकार ने राज्य में विकास कार्यों को तेज करने के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस)के कई अधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 1996 बैच के आईएएस अधिकारी के. सेंथिल कुमार को गन्ना उद्योग विभाग से स्थानांतरित कर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

इस नई व्यवस्था के बाद पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वर्ष 1996 बैच के ही आईएएस अधिकारी एच.आर. श्रीनिवास इस जिम्मेदारी से मुक्त हो जायेंगे।

अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2001 बैच के राजेश कुमार, जो पहले कोसी प्रमंडल, सहरसा के आयुक्त थे, को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वर्ष 2002 बैच के पंकज कुमार पाल को पथ निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

वर्ष 2006 बैच के अभय कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। वह बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बेल्ट्रॉन) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह को गन्ना उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित