पटना दिनांक , मई 05 -- बिहार राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद (बीएसएचईसी) ने मंगलवार को व्यावहारिक प्रशिक्षण बोर्ड (पूर्वी क्षेत्र) के सहयोग से बुद्ध मार्ग, पटना स्थित परिषद सभागार में प्रशिक्षुता समाहित डिग्री कार्यक्रम (एईडीपी) के कार्यान्वयन के लिए समझौता ज्ञापन (एमोयू) हस्ताक्षर समारोह का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों, संबद्ध महाविद्यालयों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण बोर्ड के बीच औपचारिक रूप से समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।
यह पहल उच्च शिक्षण संस्थानों में अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण को एकीकृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से छात्रों को डिग्री प्राप्ति के दौरान ही व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
समारोह में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, निदेशक (उच्च शिक्षा) प्रो. (डॉ.) एन.के. अग्रवाल, बीएसएचईसी के उप सचिव (प्रशासन) राम सागर सिंह, व्यावहारिक प्रशिक्षण बोर्ड (पूर्वी क्षेत्र) के निदेशक डॉ. एस. एम. एजाज अहमद सहित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय एवं तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों तथा प्रथम चरण में चयनित 11 महाविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित