पटना , मई 08 -- बिहार के नवनियुक्त पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले पांच वर्षों में पर्यटन को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उत्पन्न किए जाएंगे।
श्री प्रसाद ने आज मुख्य सचिवालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंत्री पदभार ग्रहण किया और कहा कि पर्यटन केवल घूमने का माध्यम नहीं होता, बल्कि यह रोजगार, व्यापार और आर्थिक विकास का भी बड़ा आधार है। उन्होंने कहा कि इसके विकास से स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्प, संस्कृतिकर्मियों और छोटे व्यापारियों को भी सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार एवं स्वरोजगार के बड़े पैमाने पर अवसर कायम होंगे।
मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही बिहार के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे देश-विदेश से अधिक से अधिक पर्यटक बिहार आएं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास होगा कि बिहार की पहचान केवल इतिहास तक सीमित न रहे, बल्कि आधुनिक पर्यटन के क्षेत्र में भी बिहार एक नई मिसाल बने।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित