नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 के पहले दिन बिहार में निवेश के लिए कई कंपनियों ने राज्य सरकार के साथ 1400 करोड़ से अधिक के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।चार दिनों तक चलने वाले भारत टेक्स 2026 का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शामी राव, बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, बिहार के उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
साझेदार राज्य के रूप में भारत टेक्स 2026 में भाग ले रहे बिहार ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में अपनी बढ़ती क्षमता का प्रभावशाली तरीक़े से प्रदर्शित किया है। भारत मंडपम के हॉल संख्या 11ए में स्थापित बिहार पवेलियन का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार, बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह, हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के डॉ. विद्या नंद सिंह तथा उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि बिहार तेजी से देश के उभरते हुए वस्त्र उद्योग के केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने प्लग एंड-प्ले जैसी आधुनिक औद्योगिक केंद्र विकसित किये हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार आज देश में वस्त्र एवं परिधान उद्योग के सबसे संभावनाशील राज्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियां, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता उद्यमियों, कारीगरों और वैश्विक निवेशकों के लिए नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 बिहार की औद्योगिक क्षमता और समृद्ध वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
श्री कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन राज्य की पारंपरिक शिल्प विरासत और आधुनिक औद्योगिक विकास के समन्वय का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 में बिहार की भागीदारी राज्य के उद्यमों को नए बाजारों से जोड़ने, व्यापारिक साझेदारियों को मजबूत करने तथा टेक्सटाइल क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
भारत टेक्स 2026 के नॉलेज सेशन के दौरान बिहार सरकार ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र की अग्रणी 16 कंपनियो के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये, जिससे राज्य के उभरते हुए वस्त्र उद्योग के निवेश गंतव्य के रूप में बढ़ते विश्वास को बल मिला। इन सभी एमओयू के माध्यम से 1,476 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश तथा 40,500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जो बिहार के वस्त्र उद्योग को नयी गति देने के साथ-साथ राज्य में रोजगार एवं औद्योगिक विकास को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा देगा।
बिहार पवेलियन में राज्य के प्रमुख प्रदर्शकों- सावी ग्लोबल, ग्रामीण खादी ग्रामोद्योग विकास संघ, गोपालन सिल्क, ईको तसर सिल्क प्राइवेट लिमिटेड, हाई स्पिरिट कमर्शियल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (एचएससीवीएल ), न्यू ज़ील फैशन वियर प्राइवेट लिमिटेड, अर्थोमेडिक फाउंडेशन, कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, निफ्ट पटना तथा मॉडलामा ग्रुप अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रसिद्ध कलाकार कुमारी नलिनी शाह द्वारा मधुबनी चित्रकला तथा अरुंधती महतो द्वारा टिकुली कला का सजीव प्रदर्शन आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
बिहार पवेलियन आगंतुकों, खरीदारों और निवेशकों को राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, औद्योगिक क्षमताओं, निवेश संभावनाओं तथा "बिहार है तैयार" की परिकल्पना से परिचित करा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित