पटना , मार्च 21 -- बिहार में ईद-उल-फितर (ईद) का त्योहार आज पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है।
समूचे देश के साथ बिहार में भी आज ईद का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ आसपास के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहो में दिखाई दी। पाक रमजान के महीने के खत्म होने के बाद परम्परा को कायम रखते हुए ऐतिहासिक गांधी मैदान भी ईद की नमाज का गवाह बना। इस दौरान नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे भी अपने अभिभावक के साथ पहुंचे। ईद की नमाज के बाद सभी ने गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी।
राजधानी पटना में भी ईद की नमाज के लिए विशेष तौर पर गांधी मैदान में व्यवस्था की गयी थी। पिछले बीस वर्षों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गाँधी मैदान में इन पाकीजा पलों के गवाह बनते रहे हैं। इस बार श्री कुमार ने सभी मुसलमान भाइयों को अपनी शुभकामनायें प्रेषित की और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में हाल हीं में शामिल हुए उनके पुत्र निशांत कुमार गाँधी मैदान पहुंचे और अपनी पिता की परम्परा को आगे बढ़ाया।
सुबह से ही गांधी मैदान में नमाजियों की भारी भीड़ जुटी और तय समय पर इमाम की अगुवाई में नमाज पढ़ी गई। नमाज के दौरान रोजेदारों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने ईद-उल-फितर के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की बधाई एवं शुभकामनायें दी है। उन्होंने कहा कि खुदा इस मुबारक दिन पर हम सब पर अपनी रहमतों की बारिश करें और राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित