पटना , सितंबर 28 -- िहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिए बिहार में निर्धारित धान खरीद के लक्ष्य को 35 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 50 लाख मीट्रिक टन करने की मांग की है। श्री चौधरी ने इस संबंध में भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र भेजकर आवश्यक स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का अनुरोध किया है।

मंत्री श्री अशोक चौधरी ने कहा कि भारत सरकार ने पत्र के माध्यम से बिहार के लिए खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिये धान खरीद का लक्ष्य 35.00 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि धान खरीद की अवधि 01 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक निर्धारित है। पिछले वर्षों के आंकड़ों से स्पष्ट है कि बिहार में धान का अनुमानित उत्पादन लगातार बढ़ा है, जबकि कुल अनुमानित उत्पादन के अनुपात में धान खरीद का लक्ष्य लगातार कम होता गया है।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2023-24 में अनुमानित धान उत्पादन 133.26 लाख मीट्रिक टन था और खरीद लक्ष्य 45 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया था। वर्ष 2024-25 में अनुमानित उत्पादन बढ़कर 141.08 लाख मीट्रिक टन हुआ, जबकि खरीद लक्ष्य 45 लाख मीट्रिक टन रहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में अनुमानित उत्पादन 151.36 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया, लेकिन खरीद लक्ष्य घटकर 36.85 लाख मीट्रिक टन रह गया। वहीं, वर्ष 2026-27 में अनुमानित धान उत्पादन 154.39 लाख मीट्रिक टन है, जबकि खरीद लक्ष्य मात्र 35 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है।

श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में धान खरीद की क्षमता में लगातार उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2023-24 में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 68.42 प्रतिशत, वर्ष 2024-25 में 87.18 प्रतिशत तथा वर्ष 2025-26 में 99.84 प्रतिशत धान की खरीद की गई। इससे स्पष्ट है कि बिहार निर्धारित खरीद लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित