पटना , मई 08 -- बिहार सरकार में नवनियुक्त डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधनमंत्री नंद किशोर राम ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में डेयरी और मत्स्य विकास की अपार संभावनाएं हैँ।

नंद किशोर राम ने आज डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग का पदभार संभाला इस मौके पर विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

मंत्री श्री राम ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार में मछली पालन और डेयरी विकास की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की योजनाओं को हर गांव तक पहुँचाया जायेगा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे। मंत्री ने अधिकारियों से विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ विभागीय कार्यों को धरातल पर लागू करेंगे तथा विभाग को एक नई पहचान देने की दिशा में कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित