पटना , अगस्त 21 -- ारत सरकार के औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग के स्टार्टअप के अंतर्गत शुक्रवार को बेगूसराय और जमुई में युवाओं के बीच नवाचार, उद्यमिता और तकनीक आधारित समाधानों को बढ़ावा देने के लिए दो प्रमुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्योग विभाग के सहयोग से तेजस पहल के तहत बेगूसराय और जमुई में इसका आयोजन हुआ।

बेगूसराय के आरआरएसडीसीई में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 250 छात्रों, स्टार्टअप्स, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों ने भाग लिया। यहां स्टार्टअप इंडिया, इन्क्यूबेशन, सरकारी योजनाओं और उद्यमिता से जुड़े सत्र आयोजित किए गए। प्रदर्शनी में पीएमईजीपी, पीएमएफएमई और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत सहयोग प्राप्त स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिनमें नाज टेक्सटाइल, खुशी हनी, प्रीमिक्स आईस क्रीम, गौरव रेडिमेड गारमेंट्स, मिथिला पेंटिग और सिक्की आर्ट शामिल थे।

जमुई के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित तेजस इंडिया हैकथॉन में देशभर से 260 से अधिक टीमों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 30 टीमों को फाइनल चैलेंज के लिए चुना गया है। बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड तथा आईआईटी पटना सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित किए। कोड क्राफ्टर्स ने प्रथम, एडज फोर्ग ने द्वितीय और क्वान्टम माइन्डस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने कहा कि तेजस युवा नवोन्मेषकों को अपने विचारों को उद्यम में बदलने के लिए सार्थक मंच प्रदान कर रहा है। उद्योग विभाग मार्गदर्शन, इन्क्यूबेशन, सरकारी सहयोग और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से बिहार के जमीनी स्तर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार, शैक्षणिक संस्थानों, स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्यमिता इकोसिस्टम को एक मंच पर लाया गया, जिससे नवाचार आधारित रोजगार और उद्यमिता संचालित विकास के प्रति बिहार के प्रयासों को और मजबूती मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित