पटना , अक्टूबर 05 -- बिहार में पिछले दिनों आई भीषण बाढ़ के बाद नदियों के जलस्तर में अब अधिकांश स्थानों पर कमी का रुख है, लेकिन गंडक, कोसी, गंगा, बूढ़ी गंडक, बागमती और घाघरा समेत कई नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और सरकार की ओर से लगातार उसकी निगरानी की जा रही है।

जल संसाधन विभाग के पांच अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार गंडक नदी का डुमरियाघाट में जलस्तर 62.47 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 62.22 मीटर से 25 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि यहां जलस्तर गिर रहा है। विभाग के ताजा बुलेटिन में दोपहर 12 बजे डुमरियाघाट पर जलस्तर 62.43 मीटर दर्ज किया गया, जबकि लालगंज में 50.68 मीटर पानी रहा, जो खतरे के निशान 50.50 मीटर से 18 सेंटीमीटर ऊपर है।

विभाग के अनुसार गंडक के अधिकांश गेज स्थलों पर जलस्तर घट रहा है। बगहा में दोपहर 12 बजे जलस्तर 88.74 मीटर, ठाकरा में 76.59 मीटर, कुकराहा में 69.50 मीटर तथा चटिया में 67.04 मीटर दर्ज किया गया। रेवाघाट में जलस्तर घटकर 53.45 मीटर हो गया है और यह खतरे के निशान 54.41 मीटर से नीचे है। हाजीपुर में भी पानी खतरे के निशान से नीचे है। इससे गंडक के पश्चिमी और मध्य हिस्से में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित