पटना, मई 13 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये छह जिलों में नए थाना भवनों के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा आम लोगों को बेहतर सुरक्षा एवं सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक आधारभूत संरचना और सुविधाएं उपलब्ध कराकर कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पुलिस कार्यप्रणाली और जनसंपर्क व्यवस्था में सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना जिले के एनटीपीसी बाढ़ थाना भवन का निर्माण 8.75 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा पूर्णिया जिले के मधुबनी थाना भवन पर 5.23 करोड़ रुपये, अररिया जिले के पलासी थाना भवन पर 8.74 करोड़ रुपये, सिकटी थाना भवन पर 8.72 करोड़ रुपये, मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना भवन पर 8.77 करोड़ रुपये, गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना भवन पर 8.72 करोड़ रुपये तथा भागलपुर जिले के गोराडीह और कहलगांव थाना भवनों पर क्रमशः 8.85 करोड़ रुपये और 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन थाना भवनों के निर्माण से पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम जनता को बेहतर सुरक्षा और सेवाएं प्राप्त होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित