पटना , अक्टूबर 18 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मधेपुरा में राजद विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर यादव के ममेरे भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किये जाने की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेलगाम हो चुकी है और सत्ता संरक्षित, सत्ता संपोषित तथा सत्ता प्रायोजित अपराध सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं।

श्री यादव ने आज जारी अपने बयान में मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में चुनाव चोरी से बनी सरकार के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता, अपराधियों और पुलिस के बीच नापाक गठजोड़ ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित