पटना , अगस्त 12 -- बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बुधवार को कहा कि प्रदेश की सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति पूरी तरह सख्त है और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
श्री रावत ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन त्वरित कार्रवाई करता है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मंत्री श्री दामोदर रावत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री श्री सदा ने कहा कि शराबबंदी लागू होने के बाद समाज में अमन-चैन का माहौल कायम हुआ है और इसका सबसे बड़ा लाभ महिलाओं को मिला है। उन्होंने कहा कि शराब के कारण होने वाली घरेलू हिंसा और पारिवारिक कलह में कमी आई है। पहले जिन महिलाओं को घर से बाहर निकलने में असुरक्षा और भय महसूस होता था, आज वे अधिक आत्मविश्वास के साथ सार्वजनिक जीवन में अपनी भागीदारी निभा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि शराब की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। शराब के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री शंभू कुशवाहा मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित