पटना , अप्रैल 02 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरूवार को कहा कि बिहार सरकार राज्य में फसल विविधीकरण को गति देते हुए हल्दी, अदरक एवं ओल जैसी उच्च-मूल्य उद्यानिकी फसलों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है, जिसका उद्देश्य छोटे एवं सीमांत किसानों को कम क्षेत्र और अपेक्षाकृत कम निवेश में बेहतर आय के अवसर उपलब्ध कराना है।
श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य की जलवायु एवं मिट्टी इन फसलों के लिए अत्यंत अनुकूल है, जिससे उत्पादन, लाभ और जोखिम प्रबंधन तीनों में सुधार संभव है।
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से गरीब परिवारों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीण युवाओं के लिए सम्मानजनक, घर के नजदीक और टिकाऊ आजीविका का मजबूत माध्यम बन रही है।
श्री यादव ने बताया कि सरकार उन्नत रोपण सामग्री, आधुनिक उत्पादन तकनीक, प्रशिक्षण, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा बाजार से जोड़ने की मजबूत व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक बेहतर लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित