पटना , मार्च 10 -- मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले दो दिनों तक अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे और करीब 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मध्यम से तेज हवायें चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक राज्य में दिन का अधिकतम तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद राज्य के कुछ जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है। पटना, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद और गया जी जिले के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में अधिकतम दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान लगाया गया है।
वहीं मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रहने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान जमुई जिले के झाझा प्रखंड में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड और अररिया जिले के सीकटी प्रखंड में 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित