पटना , अगस्त 07 -- िहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी शुक्रवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजपा बिहार वाणिज्य प्रकोष्ठ की कार्यसमिति बैठक में शामिल हुए।श्री सरावगी ने इस दौरान कार्यसमिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए संगठन की भूमिका, व्यापारिक समुदाय की सहभागिता तथा विकसित बिहार के निर्माण में उद्यमियों के योगदान पर विस्तार से अपने विचार रखे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा का वाणिज्य प्रकोष्ठ व्यापार, उद्योग एवं उद्यमिता से जुड़े वर्गों के साथ सतत संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी मंच है। यह प्रकोष्ठ व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं युवा उद्यमियों की अपेक्षाओं, सुझावों और अनुभवों को जनहित एवं राष्ट्रहित के व्यापक उद्देश्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार और उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है तथा बिहार में भी विकास की नई संभावनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के निर्माण में व्यापारिक समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और निवेश को बढ़ावा देने में उद्यमियों का योगदान निर्णायक रहेगा। उन्होंने प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे व्यापारिक समाज के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और व्यापार हितैषी नीतियों की जानकारी पहुंचाएं।
बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, व्यापारिक वर्ग से व्यापक संवाद स्थापित करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर भाजपा बिहार वाणिज्य प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता, प्रकोष्ठ के प्रभारी, सह-संयोजक, पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित