पटना , मार्च 16 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यसभा चुनाव मेंराष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई और नए दायित्वों के लिए शुभकामना दी है।

श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि राजग के विधायकों ने आज तीन पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों को जीत दिलाई है। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे गठबंधन राजग की बहुत प्रभावी और प्रमाणित जीत है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के लोग अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर अफवाह फैलाते रहे लेकिन जीत राजग के पक्ष में रही।

श्री सरावगी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजग की एकजुटता से राजग को प्रचंड बहुमत मिला था और इस चुनाव में भी हमारी एकजुटता पूरे देश को दिखी है। उन्होंने कहा कि राजग सभी प्रत्याशियों की जीत हमारी एकजुटता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित सभी पांच लोगों के राज्यसभा पहुंचने से उच्च सदन में राजग बहुत ही प्रभावी तरीके से उभरेगा, जिसका लाभ बिहार को मिलेगा। इस चुनाव परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष पूरी तरह से साफ हो चुका है।

श्री सरावगी ने राजग के उम्मीदवारों को समर्थन देने वाले विधायकों का भी आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस बिहार में नेतृत्वविहीन हो चुके हैं। दोनों दल आज अपने विधायकों को भी नहीं संभाल पा रहे हैं। उन्होंने दावे के साथ कहा कि राजद के पास आज यदि पूर्ण बहुमत होता तो वे किसी दूसरे को नहीं, बल्कि अपने परिवार के किसी सदस्य को उम्मीदवार बनाती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित