पटना , मार्च 30 -- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से घोषित कक्षा 10वीं परीक्षा 2026 के परिणाम में बिहार अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधीन संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभाग एवं राज्य का मान बढ़ाया है।
यह परिणाम इन विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं समर्पित शिक्षकों के सतत प्रयासों का प्रतिफल है।रुस्तम अली बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज के कुल 129 परीक्षार्थियों में से 113 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 11 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर सिद्ध किया है।
इसी प्रकार, कनीज फातिमा बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, दरभंगा के 111 परीक्षार्थियों में से 88 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी एवं 21 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की है। यह परिणाम विद्यालय में संचालित शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है।
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, किशनगंज के लिए विशेष गौरव का विषय है कि 05 विद्यार्थियों ने जिले की टॉपर सूची में स्थान प्राप्त किया है। इनमें माज़ आलम (93.8 प्रतिशत), मो. अबुज़र (93.6 प्रतिशत), कायनात अयाज़ (92.8 प्रतिशत), इशार अंजुम (92.4 प्रतिशत) एवं मो. साजन नूर (92.2 प्रतिशत) शामिल हैं। इन विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।इन उल्लेखनीय उपलब्धियों ने न केवल संबंधित विद्यालयों, बल्कि पूरे अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को गौरवान्वित किया है।
विभाग ने इस सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी है तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित