पटना , अप्रैल 10 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने शुक्रवार को किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कृषि भवन, मीठापुर में बिहार कृषि मोबाइल ऐप पर रियल टाइम उर्वरक उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा का शुभारंभ किया।

मंत्री श्री यादव ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरक उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कृषि विभाग की ओर से पूर्व से संचालित बिहार कृषि मोबाइल ऐप में यह नई सुविधा जोड़ी गई है। किसान भाई इस ऐप का उपयोग कर अपने आसपास के उर्वरक दुकानों में उपलब्ध यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की वास्तविक जानकारी सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं।

श्री यादव ने कहा कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि दुकानों में उर्वरक उपलब्ध रहने के बावजूद किसानों को "स्टॉक नहीं है" कहकर लौटा दिया जाता था। यह स्थिति किसानों के कष्टकारी थी, जिसे समाप्त करने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि अब कोई भी दुकानदार किसानों को गुमराह नहीं कर पाएगा और दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों का पूरा विवरण सार्वजनिक रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित