, June 17 -- बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने मगध प्रमंडल में भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र की स्थापना की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि गया में दो विश्वविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तथा उत्कृष्ट परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसके कारण यहां साई केंद्र की स्थापना खिलाड़ियों के हित में अत्यंत उपयोगी होगी। उन्होंने इस संबंध में भारत सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।डॉ. प्रेम कुमार ने गया जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में प्रशिक्षित करने हेतु विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान खेल विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि गया में एकलव्य तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जा रही है, जिसे शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में पंचायत स्तर पर गठित खेल क्लबों की समीक्षा करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड में भी खेल क्लब गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि खेल संस्कृति को गांवों के साथ-साथ शहरों में भी मजबूत करने की आवश्यकता है, जिससे बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास का विकास हो सके। उन्होंने सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों के परिसरों को खेल मैदान के रूप में विकसित करने पर भी बल दिया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण एवं खेल संघों की सक्रिय भागीदारी से बिहार खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने खेल विभाग को केंद्र सरकार के समक्ष लंबित प्रस्तावों के त्वरित अनुमोदन हेतु सतत प्रयास करने तथा सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देते हुए खेल विकास के कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित