, Aug. 29 -- नूतन राजधानी अंचल में स्थित कच्ची तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य पटना नगर निगम द्वारा लगभग पूरा कर लिया गया है। 1.48 करोड़ रुपये की लागत से तालाब को स्वच्छ, सुरक्षित एवं उपयोगी स्वरूप प्रदान किया गया है।जीर्णोद्धार के तहत तालाब की पूर्ण डिवाटरिंग कर गाद एवं गंदगी की डीप क्लीनिंग की गई। इसके बाद तालाब के बेस को मजबूत एवं व्यवस्थित करने के लिए ग्रैवेल, सैंड फिलिंग एवं स्टोन बोल्डर बिछाकर बेस तैयार किया गया तथा इसमें स्वच्छ जल भरा गया।
परिसर की बाउंड्री का निर्माण पूर्ण हो चुका है। साथ ही नागरिकों के आवागमन के लिए कोटा स्टोन पाथवे, बैठने की व्यवस्था तथा तालाब तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का निर्माण किया गया है। परिसर में पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। जीर्णोद्धार के बाद यह स्थल स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर एवं सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित हुआ है।
नूतन राजधानी अंचल के श्रीकृष्णपुरी में स्थित डमडम पार्क का भी व्यापक स्तर पर विकास किया जा रहा है। लगभग 60 हजार वर्गफीट क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 2.45 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
परियोजना के तहत पार्क में आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा एवं पाथवे सहित नागरिकों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। पार्क को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यह स्थानीय निवासियों के लिए सुबह-शाम टहलने, व्यायाम, आराम एवं मनोरंजन का बेहतर स्थान बन सके।
कंकड़बाग में वार्ड संख्या-30 में मीठापुर स्थित कृषि निदेशालय के समीप लगभग 14,717 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 'सिपारा पार्क' का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 3.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के लिए पटना नगर निगम द्वारा निविदा भी प्रकाशित कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित