औरंगाबाद , मार्च 20 -- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने औरंगाबाद में अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान शुक्रवार को कहा है कि बिहार ने विकास की गति के मामले में देश भर में कीर्तिमान स्थापित किया है और अगले 5 वर्षों के दौरान राज्य में युवाओं को एक करोड़ नौकरी तथा रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे ।
श्री कुमार ने आज औरंगाबाद जिले के बारून प्रखंड के मुंशी बीघा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में कहा कि बिहार ने स्वास्थ्य और शिक्षा समेत हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है और उनकी सरकार ने तेजी से आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराई हैं ।
मुख्यमंत्री ने जिले में 555 करोड़ रुपए की लागत वाली 262 विकास योजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास करते हुए कहा कि औरंगाबाद में स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा और इसके लिए राज्य सरकार ने 441 करोड़ रुपए की मंजूरी पहले ही प्रदान कर दी है । उन्होंने कहा कि 2005 में जब उनकी सरकार बनी थी, तब राज्य में कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति बिल्कुल खराब थी, लेकिन उनकी सरकार ने सड़क बिजली स्वास्थ्य, सुरक्षा, कानून व्यवस्था आदि के क्षेत्र में कार्य योजना बनाकर तेजी से काम करना शुरू किया । इसका परिणाम यह हुआ कि राज्य में सभी बुनियादी सुविधाएं पहले से बेहतर हो गई।
श्री कुमार ने कहा कि इस समय बिहार सरकार को केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है तथा आने वाले वर्षों में यह राज्य विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
समारोह को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया । आगतों का स्वागत जिलाधिकारी अभिलाष शर्मा ने किया । मुख्यमंत्री ने बारून में बन रही जलापूर्ति योजना का भी निरीक्षण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित