सुपौल, मई 21 -- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी ने सुपौल जिले के बीरपुर थाने की भारत-नेपाल सीमा पर नियमित जाँच के दौरान एक नेपाली महिला के थैले से वन्यजीव संरक्षित हिरण का सींग बरामद किया है।

हिरासत में ली गई महिला की पहचान सुनीता देवी, निवासी नगर पंचायत मिर्चैया वार्ड संख्या-03, जिला सिराहा, नेपाल के रूप में हुई है।

वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं वन्यजीवों से संबंधित अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी की ओर से लगातार सतर्कता एवं सघन जांच अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में नियमित चेक पोस्ट ड्यूटी के दौरान उक्त महिला को संदिग्ध वस्तु के साथ पकड़ा गया।

श्री सिंह ने बताया कि बरामद हिरण के सींग तथा पकड़ी गई महिला को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत वन विभाग, बीरपुर को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया है।

इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षी (सामान्य) कृष्ण कुमार के साथ अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित