, Oct. 5 -- मुख्यमंत्री ने इसके बाद राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित समारोह में 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का चयन पत्र और 812 खिलाड़ियों के बीच करीब आठ करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस अवर निरीक्षक में चयनित खिलाड़ी अंशिका कुमारी, सपना कुमारी, पायल प्रीति, निखत खातून, खुशबू कुमारी, सुल्ताना बानो, स्वीटी कुमारी, माही श्वेतराज, नीरज कुमार एवं बॉबी कुमार को सांकेतिक रूप से चयन पत्र प्रदान किया। इन 10 खिलाड़ियों में आठ महिला खिलाड़ी और 2 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने तीन अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेल सम्मान राशि का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने शैलेश कुमार को 75 लाख रुपये, बॉबी कुमार को 35 लाख रुपये और गोल्डी कुमारी को 10 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

गौरतलब है कि सरकार की 'मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के अन्तर्गत इस वर्ष राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का चयन पत्र दिया गया है। इन 87 खिलाड़ियों में 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के अनुसार क्लास वन से लेकर विभिन्न श्रेणी में आवश्यकतानुसार विभिन्न विभागों में इनकी नियुक्ति के लिए चयन पत्र दिया गया है। नौकरी के लिए चयनित खिलाड़ियों में पुलिस अवर निरीक्षक के रूप में 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ है जिसमें आठ महिला खिलाड़ी हैं। बाल कल्याण पदाधिकारी के पद पर एक खिलाड़ी का चयन हुआ है। निम्नवर्गीय लिपिक में 65 और कार्यालय परिचारी के रूप में 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

इस वर्ष राज्य खेल सम्मान के रूप में 44 खेल विधाओं में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बिहार के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों तथा खेल अधिकारियों सहित कुल 812 लोगों के बीच सात करोड़ 43 लाख रुपये की खेल सम्मान राशि भी वितरित की गई। खेल सम्मान राशि पाने वाले 813 लोगों में 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी, 24 प्रशिक्षक, पांच खेल संघ और एक खेल अधिकारी शामिल हैं। कुल 783 खिलाड़ियों में 297 महिला और 486 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। वर्ष 2022 से 2025 तक बिहार के 2085 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के बीच करीब 23.5 करोड़ रूपये की खेल सम्मान राशि सरकार द्वारा वितरित की जा चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। साथ ही राज्य में खेल संरचनाओं के विकास पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित