, March 12 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने यहां लगाए गए कृषि यांत्रिकीकरण मेले का निरीक्षण किया और यहां प्रदर्शित किसानों के उत्पाद को देखा। इस दौरान सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से हो रहे लाभ के संबंध में श्री कुमार ने अधिकारियों से जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्राणपुर प्रखंड के पुराने बरझल्ला पंचायत भवन का जीर्णोद्धार कर स्थापित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जीविका द्वारा संचालित दीदी की सिलाई एवं प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न बैंक लिंकेज द्वारा 17,712 स्वयं सहायता समूह को 471 करोड़ तथा 4,436 स्वयं सहायता समूहों को 55 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
श्री कुमार ने इसके बाद उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बुद्ध नगर में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही आईसीटी लैब में संचालित कोडिंग/एआई से संबंधित प्रशिक्षण के संबंध में विद्यार्थियों से जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान किए गए अपने कार्यों एवं उपकरणों को दिखाया और बताया कि इससे काफी लाभ हो रहा है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने जीविका दीदी अधिकार केंद्र के संबंध में भी जानकारी ली।स्टॉल निरीक्षण के दौरान वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को धन्यवाद दिया। साथ ही 125 यूनिट बिजली बिल फ्री किए जाने को लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों से कहा कि सरकार सभी का ख्याल रख रही है। सभी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। सभी लोग योजनाओं का लाभ उठाएं और आगे बढ़ें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित