, March 8 -- मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास एवं ऑफिसर्स हॉस्टल कैम्पस तथा पार्क के निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली और स्थल निरीक्षण किया। साइट प्लान के माध्यम से अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि यहाँ बहुमंज़िला भवन का निर्माण कराया जाना है। यहाँ निर्मित होनेवाले भवन के नये परिसर में सोलर पार्किंग शेड, ओपेन पार्किंग, क्लब हाउसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यहां पर्याप्त पार्किंग का प्रबंध रहेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस काम को तेजी से आगे बढ़ायें। उन्होंने कहा कि उनके मन में पहले से ही यह इच्छा थी कि पुराने स्ट्रक्चर को तोड़कर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बने जो हर प्रकार की आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित हो। उन्होंने कहा कि नेहरू पथ के किनारे इस बहुमंजिला इमारत के बन जाने से आवासन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसके बगल में बेहतर ढंग से पार्क का निर्माण करायें, जिससे संग्रहालय आनेवाले लोग इसका भी आनंद उठा सकें।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़नेवाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव डॉ.संदीप कुमार आर.पुडकलकट्टी, कला, संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, जिलाधिकारी डॉ.त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के.शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित