, May 14 -- मंत्री श्री मिश्रा ने मॉनसून के मद्देनजर राज्य के सभी नगर निकायों को जल जमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिये व्यापक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी बड़े -छोटे एवं अंडरग्राउंड नालों, कैचपिट तथा मेनहोल की सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा मॉनसून अवधि में इन्हें पूर्णतः क्रियाशील अवस्था में रखा जाए।
मंत्री श्री मिश्रा ने नगर निकाय क्षेत्रों में स्थापित ड्रेनेज सिस्टम को पूरी क्षमता के साथ कार्यरत रखने, आवश्यकता पड़ने पर उच्च क्षमता वाले पम्प की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल जमाव की स्थिति में त्वरित निकासी के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार अवस्था में रखने पर बल देते हुए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिये।
श्री मिश्रा ने निर्देश दिये कि मॉनसून अवधि में संक्रामक रोगों एवं मच्छरों के बढ़ते खतरे को देखते हुए नियमित रूप से ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव, टेक्निकल मालाथिआन की फॉगिंग का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आधारभूत संरचना निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढों को अविलंब भरने अथवा बैरिकेडिंग करने तथा किसी भी परिस्थिति में मेनहोल को खुला नहीं छोड़ने के निर्देश दिये।
मंत्री ने सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिये। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को मॉनसून अवधि में नियमित समीक्षा बैठक कर जल जमाव नियंत्रण एवं सामान्य जन-जीवन बनाए रखने के लिये सभी निर्देशों के प्रभावी अनुश्रवण के लिए भी निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित