, June 5 -- बैठक को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि जिला नागरिक परिषद का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए मानव जनित एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रशासन तथा आम नागरिकों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में बताया गया कि परिषद द्वारा बाढ़, आगजनी, भूकंप, सड़क दुर्घटना सहित विभिन्न प्रकार की मानव जनित एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई जाती है। आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण कार्यक्रम, पंपलेट वितरण तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जाते हैं। समीक्षा बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित नदी कटाव की समस्या की भी समीक्षा की गई। कटाव प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में किए गए सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों को सतर्कता बरतते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
स्वास्थ्य मंत्री ने आपदा की किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, स्वयंसेवकों की क्षमता वृद्धि तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने परिषद के सदस्यों से आपदा प्रबंधन एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए। मंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए वैशाली के समग्र एवं सतत विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर बिहार लक्षित सार्वजनिक वितरण प्री णाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 के तहत उचित मूल्य की दुकान का अनुज्ञापन पत्र पांच लाभार्थियों को सौपा गया।
बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह, अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, महनार के विधायक उमेश कुशवाहा, हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल, लालगंज विधायक संजय कुमार सिंह, राजापाकर विधायक महेंद्र राम तथा वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित