, July 25 -- पिछले कुछ वर्षों में पटना नगर निगम ने वेतन भुगतान प्रणाली में व्यापक सुधार किए हैं। आज सफाई कर्मियों को न केवल नियमित वेतन समय पर मिल रहा है, बल्कि वेतन वृद्धि के बाद एरियर का भुगतान भी शीघ्र किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में निगम ने दैनिक एवं स्थायी सफाई कर्मियों को केवल एरियर मद में ही Rs.3.41 करोड़ से अधिक का भुगतान किया है। यह दर्शाती है कि निगम अपने कर्मियों के आर्थिक अधिकारों के प्रति कितना संवेदनशील और जवाबदेह है।
पटना नगर निगम के सभी अंचलों एवं जलापूर्ति प्रमंडलों में कार्यरत 3,816 दैनिक सफाई कर्मियों को नियमित वेतन, समय पर वेतन वृद्धि तथा एरियर भुगतान का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इस व्यवस्था के कारण हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिरता मजबूत हुई है और सफाई कर्मियों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।
पटना नगर निगम द्वारा आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत करीब 4,800 सफाई कर्मियों एवं ड्राइवरों के हितों का भी समान रूप से ध्यान रखा जा रहा है। अनुबंध की शर्तों के अनुसार निगम यह सुनिश्चित करता है कि एजेंसियां श्रम संसाधन विभाग द्वारा समय-समय पर अधिसूचित न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप ही वेतन का भुगतान करें। इस प्रकार आउटसोर्स कर्मियों को भी वेतन वृद्धि का पूरा लाभ मिल रहा है।
पटना नगर निगम के सफाई कर्मियों के लिए सम्मानजनक रोजगार केवल वेतन तक सीमित नहीं है। सफाईकर्मियों को श्रम कानूनों के अनुरूप भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा निगम जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से कर्मचारियों और उनके परिवारों को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
पूरे बिहार में सर्वाधिक वेतन, नियमित वेतन वृद्धि, समय पर एरियर भुगतान, आउटसोर्स कर्मियों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन इस बात का प्रमाण है कि निगम अपने सफाई कर्मियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित