, Oct. 27 -- मद्य निषेध विभाग के मंत्री मदन सहनी ने कहा कि शराबबंदी कानून को लागू हुए 10 वर्ष पूरे हो गए हैं और आज समाज इसे हर तबके का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त रूप से की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा दिया। मंत्री ने बताया कि इस वर्ष जनवरी से 30 सितंबर तक शराब के मामले में कुल एक लाख 61 हजार 592 अभियोग दर्ज किए हैं। दो लाख 23 हजार लोगों की गिरफ्तारी हुई है, 90 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 21 हजार वाहनों को भी जब्त किया गया।

मंत्री ने कहा कि विभाग केवल शराब ही नहीं, बल्कि सूखे नशे के खिलाफ भी व्यापक अभियान चला रहा है। इसके तहत 1600 किलो से अधिक गांजा, 10 किलो हेरोइन और 14 हजार 572 लीटर कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले 10 वर्षों में शराब माफियाओं पर कड़ी नकेल कसी गई है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता भी जरूरी है, तभी इस अभियान को सफलता के मुकाम तक पहुंचाया जा सकेगा।

उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि नशामुक्ति अभियान बिहार के उज्ज्वल भविष्य का शंखनाद है। इसके माध्यम से हमें विशेषकर युवाओं को जागरूक करना होगा, क्योंकि उन्हीं के हाथों में बिहार के विकास की बागडोर है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सबसे जरूरी है। यदि कोई नशे की लत से जूझ रहा है, तो उसकी मदद करें, उसे सही परामर्श और चिकित्सीय सहायता तक पहुंचाएं। नशे को ना कहेंगे, तभी हम जीवन को हां कह पाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित