पटना , अगस्त 20 -- बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को कहा कि बिहार देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां गरीब लाभार्थियों को घर बनाने के साथ उसकी मरम्मत और रंग-रोगन के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाती है।
श्री कुमार ने ग्रामीण विकास विभाग कि ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत पूर्ण किए गए 2.35 लाख आवासों के लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपीं। कार्यक्रम में नए चयनित लाभार्थियों के बीच स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
ग्रामीण विकास मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि बिहार में वर्ष 2016-17 से पीएमएवाई-जी के तहत कुल 49,17,344 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 49,09,829 आवासों को स्वीकृति दी गई है और 42,18,025 आवास, यानी 85.77 प्रतिशत, पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में बिहार के लिए 11,18,937 अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए हैं, जो उत्साहजनक कदम है।
श्री कुमार ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आवासों की स्वीकृति गरीबों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की चिंता को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित