पटना , मार्च 17 -- बिहार शिक्षा विभाग के सचिव दिनेश कुमार ने मंगलवार को पटना स्थित गांधी मैदान में 22 मार्च से आयोजित होने जा रहे "बिहार दिवस 2026" के अवसर पर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया।
श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप में संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष "बिहार दिवस 2026" का थीम "उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार" निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर पटना में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के सुप्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
22 मार्च को गांधी मैदान के मुख्य मंच पर बॉलीवुड गायिका सोना महापात्रा अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ओडिसी नृत्य के साथ श्रीमती रमिंदर खुराना एवं सुश्री प्राची पल्लवी साहू द्वारा समकालीन नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। रविन्द्र भवन में कमलेश कुमार सिंह द्वारा लोकगीत तथा भिखारी ठाकुर की कालजयी रचना "गबरघिचोर" की नाट्य प्रस्तुति आयोजित होगी। 23 मार्च को गांधी मैदान के मुख्य मंच पर पार्श्व गायक शान अपनी प्रस्तुति देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित