पटना , मार्च 23 -- बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में चल रहे बिहार दिवस समारोह में सहकारिता विभाग का पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
यहां सोमवार को वेजफेड, विभिन्न हैंडलूम सहकारी समितियों, मखाना उत्पादकों की सहकारी समितियों आदि के स्टॉल पर काफी भीड़ उमड़ी। सहकारिता विभाग के पवेलियन में आकर विभिन्न सहकारी समितियों की सफलता की कहानियों को देखा और महसूस किया जा सकता है।
वेजफेड के स्टॉल पर जहां ग्रामीण मंडी और तरकारी आउटलेट का मॉडल देखा जा सकता है, वहीं डिस्प्ले में हरी-ताजी सब्जियां भी यहां मौजूद हैं। वेजफेड के स्टॉल पर आकर देखा जा सकता है कि सहकारिता से सब्जी उत्पादक किसान किस तरह से सशक्त बन सकते हैं। इस पवेलियन में मौजूद बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के स्टॉल पर आगंतुकों को सहकारी बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित