पटना , मार्च 23 -- बिहार दिवस समारोह के उपलक्ष्य में पटना नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के दूसरे दिन भी जनभागीदारी का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन पटना की महापौर सीता साहू ने किया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पटना शहर को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए सभी अपनी-अपनी ओर से प्रयास करें।

पटना नगर निगम ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत किया।पटना नगर निगम की स्वच्छता जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामना देते हुए पारंपरिक छठ गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।

कलाकारों ने बिहार गौरव गाथा, दोमकच,कजरी,झिझिया, सोहर, जट जटिन, स्वच्छता आधारित नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा कवि सम्मेलन रहा, जिसमें युवा कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए बिहार की गौरवशाली पहचान, सामाजिक सरोकारों एवं स्वच्छता के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित